चांदपुर में सर्राफा दुकान चोरी का खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार; जेवरात और दो स्विफ्ट कार बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ar7। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर नंगला में सर्राफा दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कार बरामद हुई हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को रसूलपुर नंगला निवासी दिनेश वर्मा ने अपनी ज्वैलरी की दुकान से सोने के आभूषण चोरी होने की तहरीर दी थी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में दो महिलाओं के शामिल होने की जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस ने जाहिदा उर्फ छोटी और आशिया को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से तीन जोड़ी कुंडल पीली धातु और चार जोड़ी बिछवे सफेद धातु बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कार भी बरामद की गईं।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में 7 सितंबर को सर्राफा दुकान में चोरी करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार चोरी के जेवरात आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे और बरामद जेवर दोनों महिलाओं के हिस्से में आए थे।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। जांच में खातून, आशमीन, रुखसाना, फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर के नाम भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। इनमें फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर के कार चालक होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में सामने आए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और गिरफ्तार दोनों महिलाओं के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट— मोहम्मद रहमान, बिजनौर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]