कसया। नगर के पडरौना मार्ग पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देवरिया से पडरौना जा रही सीएनजी वैन कार में अचानक आग लग गई। वाहन से धुआं निकलता देख चालक ने उसे सड़क किनारे रोकने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। चालक ने वाहन से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवीन सब्जी मंडी के समीप पहुंचते ही वैन कार से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वाहन में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण चालक को गाड़ी छोड़कर दूर हटना पड़ा। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धूकर जलने लगा।

सड़क पर वाहन में आग लगने की घटना से राहगीरों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
घटना के दौरान वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार था या नहीं, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी। आग लगने के कारणों का भी तत्काल पता नहीं चल पाया है। कस्बा चौकी प्रभारी मनोज द्विवेदी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी कराई जा रही है।









