चंदौली में 25 हजार लीटर अवैध डीजल से भरा टैंकर पकड़ा, चालक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंदौली। जिले में अवैध डीजल कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल से भरा टैंकर पकड़ा है। मामले में टैंकर चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। जांच में पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में भी 13,986 लीटर डीजल का अंतर मिला है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर एनएच-2 स्थित नवीन मंडी परिसर के पास महाराष्ट्र नंबर के टैंकर (MH 43 AF 3359) को रोककर जांच की गई। आरोप है कि डीजल के परिवहन में कूटरचित बिल्टी, इनवॉइस और ई-वे बिल का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया।

जांच के दौरान मेसर्स आइडियल सर्विस सेंटर पेट्रोल पंप के अभिलेखों में भी अनियमितताएं सामने आईं। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत सात नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

गिरफ्तार चालक की पहचान अवधेश कुमार निवासी देवगलपुर, थाना मऊआइमा, प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस डीजल की आपूर्ति, परिवहन और अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]