चंदौली में सपा का हल्ला बोल, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंदौली में समाजवादी पार्टी सहित इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम कक्ष के समीप ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।

धरना स्थल पर भी सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसको लेकर पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक छीना-झपटी होती रही। तीसरी बार पुतला फूंकने के दौरान भी पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हंगामा हुआ।

प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन और सांसद वीरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञानेश कुमार को नहीं हटाया गया तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। नेताओं ने कहा कि सपा कार्यकर्ता इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे। प्रदर्शन पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था।

जिला- चंदौली | रिपोर्ट- अशोक जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]