जिले के कतर्नियाघाट में फूस की झोपड़ी में सो रही 86 वर्षीय वृद्धा को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। कतर्नियाघाट क्षेत्र में तेंदुए ने देर रात बाजपुर बनकटी ग्राम पंचायत के सीतारामपुरवा नहर के किनारे तेंदुए ने फूस के कच्चे घर में सो रही वृद्धा को मौत के घाट उतार दिया और शव को घर के पीछे नाले में खींच ले गया।
मृतका की पहचान फूलवती पत्नी स्व. प्रभु निवासी सीतारामपुरवा, नहर बाजार, बाजपुर बनकटी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वृद्धा रात में अपने फूस के मकान में अकेली सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ घर में घुस गया और वृद्धा पर हमला कर दिया।
चीख सुनकर जब तक परिजन और पड़ोसी पहुंचे, तेंदुआ वृद्धा को घसीटकर घर के पीछे नाले में ले जा चुका था। सुबह ग्रामीणों ने नाले में वृद्धा का शव देखा तो गांव में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कतर्नियाघाट रेंज की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना कि तेंदुए का हमला एक हफ्ते में तीसरी घटना है। ग्रामीण क्षेत्रों में गांव सीतारामपुरवा, चफरिया और नहर बाजार इलाके में तेंदुए की लगातार चहलकदमी देखी जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
रिपोर्ट – अनिरुद्ध मिश्रा
लोकेशन – जनपद बहराइच यूपी









