सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के डाला वन रेंज अंतर्गत हाइडिल कॉलोनी में मध्य रात्रि एक विशालकाय मगरमच्छ पहुंचने से हड़कंप मच गया। अजय गोंड़ के घर के पास मगरमच्छ को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
मगरमच्छ दिखाई देने के बाद लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। खबर फैलते ही मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर अपने कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू अभियान रात करीब एक बजे तक चला।
आशंका जताई जा रही है कि सोन नदी में बढ़े जलस्तर के चलते मगरमच्छ बहकर आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को कोटा स्थित बांध क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
रिपोर्ट: अमलेश सोनकर









