मोदक का भोग लगाकर श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना, महाआरती के बाद वितरित हुआ प्रसाद
नौतनवा/महराजगंज। नगर में गणेश महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। मालवीय नगर, राहुल नगर, मधुबन नगर समेत नगर के विभिन्न वार्डों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाकर महाआरती की और प्रसाद वितरित किया।
गणेश महोत्सव के दौरान पांच दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और हवन का आयोजन किया गया। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचे और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा की पूजा-अर्चना और आरती करने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ विसर्जन यात्रा निकाली।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए डाली डंडा नदी पहुंचे, जहां विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस फोर्स विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रही।
इस दौरान विनय वर्मा, संतोष यादव, संदेश यादव, दिनेश वर्मा, विकास बरूण, मुकेश मद्धेशिया, विक्की मद्धेशिया, बॉबी दुबे, अमन यादव, मनीष गुप्ता, संजय गुप्ता, शुभम मद्धेशिया, अनूप सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।









