कोर्ट से बरी होने के बाद जीवेश मिश्रा का विपक्ष पर हमला, बोले- क्या अब माफी मांगेंगे नेता?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। नकली दवा मामले में न्यायालय से बरी होने के बाद भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने कांग्रेस समेत विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब न्यायालय ने उन्हें बरी कर दिया है, तो क्या विपक्षी नेता अपने पुराने बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे?

जीवेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्हें नकली दवा मामले का सरगना बताया था। उनके मुताबिक, इसके बाद पप्पू यादव, तेजस्वी यादव, प्रशांत किशोर और रोहिणी आचार्य समेत कई नेताओं ने उनके खिलाफ बयान दिए।

भाजपा विधायक ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद उनके खिलाफ लगातार आरोप लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि जाले विधानसभा क्षेत्र में भी उन्हें घेरने की कोशिश हुई, लेकिन जनता ने उन्हें तीसरी बार जीत दिलाई।

मिश्रा ने विपक्षी नेताओं से सवाल किया कि क्या वे न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए अपने बयानों पर माफी मांगेंगे? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बिना पूरी जांच-पड़ताल किए गंभीर आरोप लगाता है।

जीवेश मिश्रा के इन बयानों के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक घमासान तेज होने के आसार हैं। फिलहाल, इस मामले में विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

रिपोर्ट: रमण कुमार, पटना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]