मेरठ। केसरगंज मस्जिद को लेकर चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को इस मामले ने नया मोड़ ले लिया जब बहुजन समाज पार्टी के नेता और पूर्व प्रत्याशी हाजी राशिद अखलाक के नेतृत्व में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली थाने में तहरीर दी।
हाजी राशिद अखलाक द्वारा थाना अध्यक्ष कोतवाली को दी गई तहरीर में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गाजियाबाद निवासी पिंकी चौधरी यह कह रहा है कि मंगलवार 29/09/2026 को वह मेरठ पहुंचेगा और पुलिस प्रशासन को धमकी भरे अंदाज में कह रहा है कि केसरगंज वाली मस्जिद को खुद तोड़ दो वरना मैं आकर तोड़ दूंगा।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इस तरह के बयान से पूरे मेरठ में दहशत का माहौल है और फिजा खराब हो रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिंकी चौधरी द्वारा आज केसरगंज मस्जिद के सामने हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा की गई थी, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि इसको रोका जाये और इसके खिलाफ साम्प्रदायिक दंगा भड़काने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम किया जाये ताकि शहर के अंदर अमन शांति व भाई चारा कायम रहे।
उज्जवल रस्तोगी मेरठ









