प्राचार्य ने पोस्टर हटवाकर जांच के दिए निर्देश कुशीनगर
कुशीनगर मेडिकल कॉलेज एक बार फिर व्यवस्थाओं को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है। मेडिकल कॉलेज की महिला विंग एल-2 के मुख्य गेट के अंदर निजी अस्पताल के निशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार शिविर का पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। पोस्टर सामने आने के बाद सरकारी मेडिकल कॉलेज परिसर में निजी अस्पताल के प्रचार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मामला महिला विंग एल-2 का है, जहां महिलाओं की डिलीवरी और ऑपरेशन किए जाते हैं। यहां रविंद्र नगर स्थित सांस्कृत्य हॉस्पिटल के नाम से निशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार शिविर का प्रचार करने वाला पोस्टर लगाया गया था। पोस्टर सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में निजी अस्पतालों की कथित सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व निजी लैब से जुड़े लोगों द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर में सैंपल लिए जाने का मामला भी सामने आया था। अब निजी अस्पताल का पोस्टर मिलने से मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की जानकारी होने पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केपी गोंड ने तत्काल चीफ फार्मासिस्ट विशाल सिंह को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया। इसके बाद पोस्टर हटवा दिया गया। प्राचार्य ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में निजी अस्पताल का पोस्टर किसकी अनुमति से लगाया गया था और क्या इसके लिए कोई लिखित अनुमति ली गई थी। मामले में जांच के बाद होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।









