कुशीनगर में तैयार नहीं हुआ परिसर, अयोध्या से शुरू होंगी कृषि विश्वविद्यालय की कक्षाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

24 सितंबर से कक्षाएं शुरू होने की घोषणा के बीच स्थिति साफ, निर्माण पूरा होने के बाद ही कुशीनगर लौटेंगी कक्षाएं

कसया। महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की 24 सितंबर से शुरू होने वाली कक्षाएं फिलहाल कुशीनगर में नहीं चलेंगी। बुधवार को विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर चस्पा नोटिस के बाद स्थिति साफ हो गई। इसमें विद्यार्थियों से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या में प्रवेश लेने के लिए पहुंचने को कहा गया है। इससे नए सत्र की पढ़ाई की शुरुआत अयोध्या से होने की पुष्टि हो गई है।

कुशीनगर के निर्माणाधीन परिसर में अभी भवन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। ऐसे में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए 24 सितंबर से कक्षाएं अयोध्या के कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में संचालित की जाएंगी।

बीते 16 सितंबर को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने निर्माणाधीन विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया था। उन्होंने सितंबर में ही कक्षाएं शुरू कराने की बात कही थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने कार्यदायी संस्था को दिन-रात काम कर 15 सितंबर तक कक्षाओं के संचालन योग्य भवन तैयार करने का निर्देश दिया था। हालांकि निर्धारित समय तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।

कक्षाएं शुरू होने की जानकारी पर तीन दिन पहले दूर-दराज से कई छात्र कुशीनगर पहुंचे थे, लेकिन परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा। अब तक कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए 56 छात्रों ने काउंसिलिंग कराई है।

छात्रहित में अयोध्या से होगी पढ़ाई की शुरुआत

विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन एवं परिवीक्षण डॉ. सुशांत श्रीवास्तव ने बताया कि 24 सितंबर से कक्षाएं शुरू होंगी, लेकिन फिलहाल अयोध्या के कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में संचालित की जाएंगी। कुशीनगर में निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। छात्रहित में जल्दबाजी में कक्षाएं शुरू नहीं की जा सकतीं। निर्माण कार्य पूरा होते ही कुशीनगर परिसर में कक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी।

निर्माण पूरा होने और उद्घाटन के बाद आएंगी कक्षाएं

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने बताया कि 24 सितंबर से कृषि विश्वविद्यालय की कक्षाएं अयोध्या स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में संचालित होंगी। कुशीनगर में निर्माण कार्य पूरा होने और उद्घाटन के बाद यहां कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]