छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों की दी गई जानकारी
कुशीनगर। रविंद्रनगर धूस स्थित प्रभात तारा पब्लिक स्कूल में गुरुवार को लघु विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कानूनी सहायता और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

शिविर में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और सामूहिक विवाह योजना की पात्रता एवं लाभ के बारे में बताया गया। जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181 तथा आपातकालीन नंबर 112, 108 और 102 की जानकारी दी।
पैरालीगल वॉलंटियर ज्योति ने निःशुल्क कानूनी सहायता हेल्पलाइन 15100 के बारे में बताया। वहीं, वंदना कुशवाहा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आभा ज्योति, शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









