पडरौना। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत कुशीनगर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। योजना की सूची में शामिल दो निजी अस्पतालों को बाहर कर दिया गया है, जबकि छह अन्य अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, मानकों की अनदेखी और इलाज में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद जांच की गई। कोटवा बाजार स्थित न्यू साईं हॉस्पिटल में जांच के दौरान ऐसे मरीजों का ऑपरेशन किए जाने का मामला सामने आया, जिसमें ऑपरेशन करने वाले सर्जन की मौके पर मौजूदगी नहीं मिली।
अस्पताल संचालक को पहले ही दो नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अब तीसरा नोटिस जारी करने की तैयारी है। जवाब न मिलने पर अस्पताल को आयुष्मान योजना के पैनल से बाहर किया जाएगा।
वहीं पूर्वांचल हॉस्पिटल तमकुहीराज और इंडियन आयर्न हॉस्पिटल फाजिलनगर को आयुष्मान योजना की सूची से बाहर कर दिया गया है।
इसके अलावा बीएन हॉस्पिटल, बुद्धा हॉस्पिटल पडरौना, न्यू सिटी हब पडरौना, नव जीवन हॉस्पिटल पडरौना और ग्रेट मल्टी हॉस्पिटल पडरौना को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता के अनुसार, मानकों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में आयुष्मान योजना के तहत बड़ी संख्या में निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं।









