कुशीनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सितंबर माह के किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में उप कृषि निदेशक ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त नौ शिकायतों के निस्तारण की आख्या किसानों के समक्ष पढ़कर सुनाई।
किसान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने कृषि, गन्ना, सिंचाई, जलभराव, फसल क्षति और कृषि योजनाओं से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखे। सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से किसानों को मखाना की खेती के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने मखाना उत्पादन की संभावनाओं, खेती की प्रक्रिया और इससे होने वाले लाभ के बारे में बताया। साथ ही जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिला गन्ना अधिकारी ने गन्ना विभाग की विभिन्न योजनाओं और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गन्ने की कटाई के लिए वर्तमान में सेवरही और खड्डा क्षेत्र में केन हार्वेस्टर उपलब्ध हैं। जिले में अधिक से अधिक केन हार्वेस्टर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे किसानों की गन्ना कटाई की लागत कम होने के साथ समय की भी बचत होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीणों और किसानों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ऐसे पात्र किसानों और नागरिकों को भी चिन्हित किया जाएगा, जो पात्रता रखने के बावजूद किसी कारण से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। ऐसे पात्र लोगों के आवेदन प्राप्त कराकर पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने कहा कि अभियान के दौरान पिछले 12 वर्षों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किसानों एवं अन्य लाभार्थियों की उपलब्धियों और सफलता की कहानियों को भी जनसामान्य के सामने साझा किया जाएगा, ताकि अन्य पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिल सके। उन्होंने किसानों एवं नागरिकों से अपील की कि 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस पर अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सहभागी बनें और सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियान को सफल बनाएं।
किसान दिवस में उप कृषि निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला समन्वयक फसल बीमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए किसान मौजूद रहे। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी किसानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
साजिद अंसारी पड़रौना









