किसान को लगा बड़ा झटका, रात में सोलर पंप के दो पैनल चोरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोल्हुई बाजार/महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसौना में सोसाइटी रोड के निकट खेत में लगे सोलर पंप के दो सोलर पैनल अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए। चोरी की घटना से किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही सोलर पंप के संचालन पर भी असर पड़ा है। घटना के बाद किसान ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी हुए पैनलों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

कोल्हुई उपनगर निवासी साबिर खां पुत्र मसीउल्लाह खां ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कृषि कार्य के लिए उनके खेत में पांच किलोवाट क्षमता का सोलर पंप लगाया गया है। सोमवार, 21 सितंबर की रात अज्ञात व्यक्ति खेत में पहुंचे और सोलर पंप में लगे दो सोलर पैनल चोरी कर फरार हो गए।

किसान के अनुसार मंगलवार सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो सोलर पंप के पैनल गायब मिले। इसके बाद उन्होंने आसपास के खेतों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन चोरी हुए दोनों पैनलों का कहीं पता नहीं चला। घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।

सोलर पैनल चोरी होने से किसान के सामने कृषि कार्य के लिए सिंचाई की समस्या भी खड़ी हो गई है। सोलर पंप से खेत की सिंचाई की जाती थी, लेकिन पैनल चोरी होने के कारण पंप का संचालन प्रभावित हो गया है।

इस संबंध में कोल्हुई थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सोलर पैनल चोरी होने के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]