महराजगंज। विकासखंड सिसवा की ग्राम पंचायत हरखपुरा में शुक्रवार को परफॉर्मेंस ग्रांट के अंतर्गत प्रस्तावित बारात घर का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कनौजिया ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना पर करीब 3.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि निर्माण पूरा करने के लिए 11 महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है। कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड कंस्ट्रक्शन, पटना है।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बारात घर बनने से ग्रामीणों को शादी-विवाह, सामाजिक समारोहों और अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता बताया।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि ऐसे सार्वजनिक भवन ग्रामीणों की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ विकास की स्थायी परिसंपत्ति बनेंगे।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने मंगलगीत गाकर समारोह को पारंपरिक रंग दिया। इस दौरान निवर्तमान प्रधान एवं प्रशासक मेवाती देवी, राम गोपाल यादव, ग्राम पंचायत सचिव शशिकांत पाण्डेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोपाल यादव सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








