*मुसहर बस्ती ठाड़ीभार में लगी जन-जागरूकता चौपाल, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन बताकर किया जागरूक, पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील_

कुशीनगर। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को विकासखंड दुदही की मुसहर बस्ती ठाड़ीभार में जन-जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता तथा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, कुशीनगर के जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन समेत विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

ग्रामीणों को आपात स्थिति और महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा एंबुलेंस सेवा 108 और 102 के उपयोग की जानकारी साझा की गई।

जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना कुशवाहा ने बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों को इनके खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने बाल विवाह एवं दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने में समुदाय की भूमिका पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में असिस्टेंट अकाउंटेंट अमन मिश्रा ने सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट वितरित किए।

उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी का लाभ उठाने तथा पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया। चौपाल में समाज कल्याण विभाग से मनीष कुमार, पंचायती राज विभाग के सचिव मिथिलेश्वर, पंचायत सहायक सीता कुशवाहा, स्वास्थ्य विभाग की एएनएम व आशा कार्यकत्री, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सुपरवाइजर व आंगनबाड़ी कार्यकत्री तथा श्रम विभाग के कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]