ओपीडी बंद होने के बाद भी ट्रॉमा सेंटर में मिल सकेगी एक्स-रे और प्लास्टर की सुविधा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और विशेषकर सड़क दुर्घटनाओं व अन्य हादसों में घायल लोगों के लिए एक बड़ी राहतभरी खबर है। अब ओपीडी (OPD) का समय समाप्त होने के बाद भी घायलों को एक्स-रे जांच और प्लास्टर के लिए अगले दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने ट्रॉमा सेंटर में ही इन सुविधाओं को शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। सब कुछ ठीक रहा तो इसी नवंबर माह से ट्रॉमा सेंटर में ही मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी।

जानकारी के अनुसार, 100 शैया (बेड) वाले जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन एक हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में अस्पताल की ओपीडी सुबह 8:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक ही संचालित होती है, जिसके दौरान ही एक्स-रे और प्लास्टर की सुविधा मिलती है।

ओपीडी का समय बीतने के बाद यदि कोई गंभीर या घायल मरीज इमरजेंसी/ट्रॉमा सेंटर पहुंचता था, तो उसे जांच और प्लास्टर के लिए अगले दिन तक का इंतजार करना पड़ता था।इससे घायलों के साथ-साथ उनके तीमारदारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

अस्पताल प्रशासन ने इस गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए ट्रॉमा सेंटर को पूरी तरह से सुसज्जित करने का निर्णय लिया है। ट्रॉमा सेंटर में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे विशेष रूप से चलने-फिरने में असमर्थ या गंभीर रूप से घायल मरीजों की जांच बिस्तर पर ही आसानी से हो सकेगी।

घायलों की त्वरित जांच और इलाज के लिए तकनीशियन, फार्मासिस्ट और सहायकों की तीन शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाएगी, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) की सूचना पर ऑर्थो सर्जन तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचेंगे और मरीज के स्वास्थ्य की जांच कर एक्स-रे व प्लास्टर की सलाह देंगे।

ट्रॉमा सेंटर में एक्स-रे जांच और प्लास्टर की सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो नवंबर महीने से मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी। इससे घायलों को समय पर त्वरित और बेहतर इलाज मिल सकेगा।

डॉ. एके द्विवेदी, सीएमएस, जिला अस्पताल, महराजगंज

और पढ़ें

[the_ad id="164"]