एक दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोठीभार के रामपुर खुर्द गांव में 35 वर्षीय युवक की मौत से मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव में शुक्रवार शाम तालाब में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रामपुर खुर्द निवासी अमित चौबे (35) पुत्र निक्कन चौबे के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक दिन से लापता था युवक

जानकारी के अनुसार, अमित चौबे 17 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।

इसी बीच शुक्रवार शाम करीब सात बजे रामपुर खुर्द गांव स्थित तालाब में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अमित चौबे के रूप में की और तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि अमित नशे का सेवन करता था। उसकी पत्नी भी वर्तमान में मायके गई हुई थी। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

कोठीभार पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]