फतेहपुर। परिवहन विभाग में कथित अवैध वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। वाहन पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर वसूली की शिकायतों के बाद एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले कार्यालय के लिपिक शुभम सिंह को भी निलंबित किया जा चुका है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते 3 सितंबर को एडीएम विनय पांडेय और एएसपी ज्ञान प्रकाश राय की संयुक्त टीम ने एआरटीओ कार्यालय में छापेमारी की थी। इस दौरान चार संदिग्ध लोगों के पास से 35 हजार 240 रुपये नकद बरामद हुए थे। इसके बाद मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
फतेहपुर परिवहन विभाग में इससे पहले भी एसटीएफ की कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, ओवरलोड वाहनों के संचालन और कथित एंट्री वसूली को लेकर भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं।
अब एआरटीओ प्रशासन और लिपिक के निलंबन के बाद विभागीय जांच में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। हालांकि, मामले में जांच के निष्कर्ष और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
रिपोर्ट: शिवम अवस्थी









