अधिवक्ताओं को झूठा वादा कर भ्रमित कर रही सरकार: विजय सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नौतनवा तहसील परिसर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अधिवक्ताओं से की मुलाकात, समस्याएं सुनीं

नौतनवा/महराजगंज। जिला कांग्रेस कमेटी महराजगंज के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता विजय सिंह बुधवार को नौतनवा तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं और आम लोगों के बीच पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

विजय सिंह ने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार अधिवक्ताओं समेत आम जनमानस को विभिन्न घोषणाओं के जरिए भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ न्याय की मजबूत दीवार के रूप में काम करता है। इसके बावजूद अधिवक्ताओं के हितों को लेकर की गई घोषणाओं का धरातल पर अपेक्षित लाभ दिखाई नहीं दे रहा है।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा की गई है, लेकिन इसके क्रियान्वयन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। विजय सिंह ने सरकार से अधिवक्ता समाज के लिए ठोस और प्रभावी योजनाएं लागू करने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और कथित लूट-खसोट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

विजय सिंह ने अधिवक्ताओं के हित में उत्तर प्रदेश सरकार से प्रत्येक अधिवक्ता को 15 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड देने की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से नए अधिवक्ताओं को अपने पेशे में आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रामनारायण चौधरी, राजन शुक्ला, विनोद सिंह, निहाल इराकी, कपिल देव शुक्ला, पंडित संजय कुमार मिश्रा, राजेश श्रीवास्तव, तारू श्रीवास्तव, राम मयूर यादव, धर्मेंद्र त्रिपाठी, महेंद्र नाथ त्रिपाठी, किताबुल्लाह खान, आबिद अली समेत कई अधिवक्ता, कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]