अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, खुले में मीट बिक्री पर भी सख्ती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नाली के बाहर सामान रखने पर कार्रवाई की चेतावनी, खुले में मीट बेचने वालों को भी दी हिदायत

कसया। नगर में अतिक्रमण और खुले में मीट की बिक्री के खिलाफ गुरुवार को नगरपालिका और तहसील प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। प्रशासन की कार्रवाई से दुकानदारों और मीट विक्रेताओं में अफरा-तफरी मची रही। टीम ने गोरखपुर और सपहा मार्ग पर नाली के आसपास किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटवाया।

नगरपालिका ईओ अंकिता शुक्ला और नायब तहसीलदार राहुल खरवार के नेतृत्व में टीम सबसे पहले गोरखपुर मार्ग स्थित कर्बला के समीप पहुंची। यहां खुले में मीट बेचने और नाली के आसपास किए गए अतिक्रमण की जांच की गई। टीम ने मौके पर अतिक्रमण हटवाते हुए संबंधित लोगों को खुले में मीट की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी।

इसके बाद टीम सपहा मार्ग पहुंची। यहां भी नाली के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नाली के बाहर किसी भी सूरत में सामान रखकर अथवा अस्थायी निर्माण कर अतिक्रमण न करें। दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि नगर में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और खुले में मीट की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी एसआई मनोज द्विवेदी, राजन दुबे, श्रवण तिवारी, कामोद पाण्डेय समेत पुलिस और नगरपालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]