अंबेडकर पार्क में बाबा साहब और गौतम बुद्ध की प्रतिमा लगाने की मांग, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सोनचिरैया के ग्रामीणों ने अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अंबेडकर पार्क के लिए भूमि सुरक्षित है, लेकिन अब तक पार्क में प्रतिमा स्थापित नहीं कराई गई है।

ग्रामीण राम सुमित ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम सभा सोनचिरैया, तहसील फरेंदा के अंतर्गत आती है। गांव में गाटा संख्या 149 की भूमि, जिसका रकबा 202 हेक्टेयर बताया गया है, अंबेडकर पार्क के लिए सुरक्षित है। ग्रामीणों ने मांग की कि उक्त पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कराने की कार्रवाई की जाए।

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि इस संबंध में फरेंदा के संबंधित अधिकारियों को पहले भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके प्रार्थना पत्र को संबंधित अधिकारियों को भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कराने के संबंध में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस दौरान मुंद्रिका गुप्ता, अखिलेश, भारत रावत, ओम प्रकाश, योगेंद्र, रमेश, मोहन, हुब लाल, दीपक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]